सोमवार 22 जून 2026 - 17:38
समर्रा की तीन बड़ी मजलिस-ए-अज़ा और इमाम हुसैन (अ) की प्यास का ज़िक्र

आयतुल्लाहिल उज़्मा सय्यद मूसा शुबैरी ज़ंजानी ने समर्रा में आयोजित तीन ऐतिहासिक मजलिस-ए-अज़ा और शेख हसनअली तेहरानी के एक आध्यात्मिक कश्फ का उल्लेख करते हुए बताया कि इमाम हुसैन (अ) ने उस कश्फ में उन्हें संबोधित करते हुए फरमाया: “मेरी प्यास का ज़िक्र करो।”

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आयतुल्लाहिल उज़्मा शुबैरी ज़ंजानी ने समर्रा में आयोजित तीन प्रसिद्ध मजलिसों और शेख हसनअली तेहरानी के एक आध्यात्मिक अनुभव का वर्णन किया है, जिसे “समर्रा में तीन मजलिस-ए-अज़ा और शेख हसनअली तेहरानी का कश्फ” के शीर्षक से प्रस्तुत किया गया है।

आयतुल्लाहिल उज़्मा शुबैरी ज़ंजानी के अनुसार उन्होंने यह घटना मरहूम आगा मरवारीद से सुनी, जो इसे एक भरोसेमंद व्यक्ति के माध्यम से बयान करते थे।

उनके अनुसार समर्रा में तीन बड़ी और महत्वपूर्ण मजलिसें आयोजित होती थीं: एक मजलिस मरजए तकलीद आयतुल्लाह मिर्ज़ा मुहम्मद हसन शिराज़ी के घर में, दूसरी मुहद्दिसे जलील हाजी मिर्ज़ा हुसैन नूरी के घर में, और तीसरी शेख हसनअली तेहरानी के घर में।

आगा मरवारीद बताते हैं कि मिर्ज़ा शिराज़ी के घर में होने वाली मजलिस में विशेष गंभीरता और सम्मान का वातावरण होता था। जब मिर्ज़ा मजलिस में उपस्थित होते, तो उनकी महानता और प्रभाव के कारण पूरे माहौल में गहरी खामोशी छा जाती, मानो वहाँ कोई सांस लेने वाला भी न हो।

उन्होंने शेख हसनअली तेहरानी की मजलिस का उल्लेख करते हुए बताया कि एक बार वे मजलिस में देर से पहुँचे। जब वे अंदर आए तो उनकी आँखें अत्यधिक रोने के कारण इतनी लाल और सूजी हुई थीं कि लग रहा था जैसे बाहर निकल आएँगी।

बाद में उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि वे अपने घर में थे जब उन्हें मुकाशफ़ा की अवस्था में इमाम हुसैन (अ) की ज़ियारत का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने देखा कि सय्यद उश शोहदा (अ) कमरे की खिड़की से अंदर की ओर तवज्जोह फरमा रहे हैं और कह रहे हैं:

“मेरी प्यास का ज़िक्र करो।”

यह सुनकर वे ज़ारो क़तार रोने लगे और उसी हालत में मजलिस-ए-अज़ा में पहुँचे।

यह घटना इमाम हुसैन (अ) की मजलूमियत, विशेष रूप से कर्बला में आप और अहलेबैत (अ) पर ढाए गए अत्याचारों और प्यास की तीव्र पीड़ा की याद को ताज़ा करती है, जो मजलिस-ए-हुसैनी का एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली विषय रहा है।

स्रोत: आयतुल्लाहिल उज़्मा शुबैरी ज़ंजानी, “जुरआ ए दरीया”, भाग 3, पृष्ठ 347।

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha